Surprise Me!

सदन नहीं चलने से नाराज हुए लालकृष्ण आडवाणी | Advani Unhappy with Speaker

2019-09-20 0 Dailymotion

नोटबंदी को लेकर लोकसभा की कार्यवाही गत 13 दिन से ठप होने के कारण भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी मंगलवार को बुरी तरह से नाराज़ हो गए। उन्होंने इसके लिए सरकार और विपक्ष दोनों को जमकर फटकार लगाई। शून्यकाल के दौरान जब दोपहर में 12 बजकर 45 मिनट पर सदन की कार्यवाही स्थगित हुई तो आडवाणी ने पास खड़े सदस्यों से जानना चाहा कि कितने बजे तक के लिए सदन स्थगित हुआ है। इस पर उन्हें बताया गया कि सदन दो बजे तक के लिए स्थगित हुआ है। इस पर आडवाणी भड़क उठे।

उन्होंने तमतमाते हुए जोर से कहा कि यह बहुत लज्जाजनक बात है। लोकसभा अध्यक्ष सदन नहीं चला रही हैं और संसदीय कार्य मंत्री भी सदन नहीं चला रहे हैं। सदन अपने आप से ही चल रहा है। आडवाणी के इस तरह से नाराज होने से वहां मौजूद संसदीय कार्य मंत्री अनंत कुमार के हाथ पांव फूल गए। उन्होंने पत्रकारों की मौजूदगी का हवाला देते हुए धीरे बोलने का अनुरोध किया। इस पर आडवाणी ने कहा कि वह बाहर सार्वजनिक रूप से यह बात कहेंगे। बाद में संसदीय कार्य राज्य मंत्री एसएस अहलूवालिया उन्हें मनाकर सदन के बाहर ले गए।